कंपिल। ब्रह्मदेव मंदिर से चोर पीतल के घंटे चोरी करके ले गए। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। इससे पहले भी दो बार यहां चोरी हो चुकी है।
थाना क्षेत्र के गांव मेंदपुर कंपिल कायमगंज मार्ग पर ब्रह्मदेव का मंदिर है। मंदिर परिसर में पीपल का पेड़ लगा है। पेड़ पर दो दर्जन से अधिक पीतल के घंटे बंधे थे। शनिवार रात चोर सभी पीतल के घंटे चोरी कर ले गए। रविवार सुबह क्षेत्र के लोग मंदिर में पूजा करने के लिए गए तो वहां घंटे गायब मिले। लोगों ने पुलिस को चोरी की सूचना दी।
सूचना पर हल्का इंचार्ज मुनीर खान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच कर आसपास के लोगों से जानकारी की। इसके बाद पास में स्थित गैस एजेंसी पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
लोगों ने पुलिस को बताया कि पहले भी ब्रह्मदेव मंदिर से दो बार चोरी हो चुकी है। क्षेत्र के लोगों में ने मंदिर से चोरी को लेकर रोष व्याप्त है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करने का भरोसा दिया। (संवाद)