फर्रुखाबाद। गंगा में आई बाढ़ से लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। खेतों के साथ घर में भी पानी भरा होने से शौच के लिए सड़क किनारे जाते समय शनिवार सुबह गांव भुड्डन की मड़ैया के पास अनूप (11) को टक्कर मार दी। गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल से मेडिकल कॉलेज तिर्वा ले जाते समय उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
राजेपुर थाना क्षेत्र के चाचूपुर के मजरा भुड्डन की मड़ैया निवासी महावीर ने बताया कि गंगा में आई बाढ़ के कारण उनके घर के साथ खेतों में पानी भरा है। बेटा अनूप शौच के लिए सड़क किनारे जा रहा था, तभी गांव के पास ही हादसा हो गया। वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटे भाई सिद्धार्थ और मां रीता देवी समेत परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया। महावीर ने चालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।