बोलेरो की टक्कर के बाद सिर से पहिया निकल जाने से युवक गंभीर रूप से घायल
हो गया। लहूलुहान युवक के आसपास भीड़ लगी रही। आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे
कस्बा इंचार्ज ने उसे सीएचसी पहुंचाया। यहां से उसे लोहिया रेफर कर दिया
गया। मोहल्ला पटवनगली निवासी जलालुद्दीन का 18 वर्षीय पुत्र आमिर
साइकिल से बाईपास रोड से घर जा रहा था। इंडेन गैस एजेंसी के सामने चिलौली
रोड पर साइकिल मोड़ते समय पीछे से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार
दी। गाड़ी उसके सिर को
रौंदते हुए निकल गई। पास ही ट्रक की मरम्मत करा रहे
एक युवक ने उसे रोकने के लिए लोहे की राड फेंक मारी। इस पर भी चालक बोलेरो
भगा ले गया। बाइक सवारों ने उसका पीछा कर रोकने का प्रयास किया। बोलेरो
कोतवाली के सामने से होती हुई अलीगंज की ओर भाग निकली। लोगों ने कोतवाली
पुलिस को जानकारी दी। कोतवाल नेमचंद्र गंगवार ने बोलेरो का ब्राहिमपुर
तक
पीछा किया लेकिन गाड़ी पकड़ में नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि
गाड़ी के पीछे पुलिस का निशान बना था। इधर, घायल हुआ युवक आधे घंटे तक मौके
पर पड़ा तड़पता रहा। उसके आसपास तमाशबीनों की भीड़ लग गई लेकिन किसी ने भी
सीएचसी पहुंचाने की जरूरत नहीं समझी। घटना स्थल के पास ही स्थित स्पेयर
पार्ट्स की दुकान पर काम करने वाले शानू
अंसारी ने सौ नंबर पर फोन कर
जानकारी दी। उसके बाद कस्बा इंचार्ज मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक को
उठवाकर सीएचसी भिजवाया। यहां हालत नाजुक होने के कारण डाक्टर ने तत्काल
लोहिया रेफर कर कर दिया।