घटनास्थल का जायजा लेते एसपी राजेश कृष्ण।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र के गांव खुदागंज में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की।
थाना क्षेत्र के गांव खुदागंज स्थित जेपी मेमोरियल स्कूल के पीछे कल्लू बाथम के ट्यूबवेल के खेत में शौच गए बच्चों ने एक अज्ञात युवक का शव देखा। शव देखकर बच्चे घर की तरफ भागे और परिजनों को शव पलड़े होने की जानकारी दी। सूचना पर थानाध्यक्ष मोहित यादव पुलिसबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
मृतक के शरीर पर अंडरवियर और बनियान थी। मृतक गले में पीली धातु की चेन और दाहिने हाथ में तीन अंगूठियां पहने था। पुलिस ने मौका मुआयना किया तो लगभग 100 मीटर दूरी पर युवक की पैंट-शर्ट और जूते झाड़ियों में पड़े मिले। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया लेकिन नहीं हो सकी।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक राजेश कृष्ण, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह और सीओ देवेंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंच गए और मौका मुआयना किया। पुलिस अधीक्षक राजेश कृष्ण ने बताया कि युवक के सिर में भारी वस्तु से प्रहार कर उसकी हत्या करने का अनुमान है। शव की शिनाख्त के लिए अन्य जिलों के थानों को भी सूचना भेजी गई है। अपर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने बताया कि शव के पास से खून से सनी दो ईंटें मिली हैं।
इससे लग रहा है कि युवक की ईंट से कुचलकर हत्या की गई है। थानाध्यक्ष मोहित यादव का कहना है कि युवक की हत्या का कारण का अभी तक पता नही चल सका है । शिनाख्त के लिए थानों से संपर्क किया जा रहा है।
कही प्रेम प्रसंग के चलते तो नही हुई हत्या
शव पर कपड़े न होने से प्रेम प्रसंग में भी युवक की हत्या करने का कयास लगाया जा रहा है। थानाध्यक्ष मोहित यादव ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद ही हत्या के कारण का पता चल पाएगा। शव के कुछ दूरी पर बीयर की खाली कैन भी मिले हैं। इससे लग रहा है कि पहले युवक ने साथियों के साथ बीयर पी उसके बाद उसकी हत्या कर दी गई ।