फर्रुखाबाद। टैंक में युवक का शव पड़ा हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम हाउस में भेज दिया।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव नगला खैरबंद ढिलावल चौराहे के पास रविवार को बच्चे बकरी चरा रहे थे। बच्चों ने प्लाट के टैंक में एक युवक के शव को देखा तो शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। एसओ आमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया। जहानगंज थाना क्षेत्र के गांव बर्नाखुर्द निवासी जनरल सिंह परिजनों के साथ वहां पहुंचे और बताया कि यह प्लाट उनका है। युवक को एक सप्ताह से आस पास के इलाके में घूमते देखा गया है। वह मानसिक रूप से कमजोर है। गांव के लोगों को बुलाकर शव की शिनाख्त का प्रयास किया गया। शिनाख्त नहीं होने पर शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया। फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर वीडियोग्राफी कर फोटोग्राफ सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का मानना है कि युवक टैंक में भरे पानी में गिरने से डूबकर मर गया।