फर्रुखाबाद। भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र में लगा दस एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने से साठ से अधिक गांवों की बत्ती गुल हो गई। नया ट्रांसफार्मर आने तक ग्रामीण क्षेत्रों को दूसरे ट्रांसफार्मर से एक से दो घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी। नया ट्रांसफार्मर आने में करीब दो से तीन दिन लगेंगे। ट्रांसफार्मर फुंकने के पीछे ट्रिपिंग सिस्टम खराब होने का कारण बताया जा रहा है। एक्सईएन अमर सिंह ने अवर अभियंता को लापरवाही बरतने के कारण उपकेंद्र से हटा दिया है।
भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र में 10-10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगे हैं। इनसे ग्रामीण क्षेत्रों को चार फीडरों के माध्यम से बिजली सप्लाई दी जाती है। ढिलावल और याकूतगंज फीडर का ट्रांसफार्मर शुक्रवार देर रात हाईटेंशन लाइन में आए फाल्ट के कारण फुंक गया। सूचना पर अवर अभियंता उपकेंद्र पहुंचे। बताया जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने पर मशीनों को ट्रिप करने के लिए जो उपकरण लगे है। वह करीब दो साल से खराब पड़े हैं। इसके ठीक न होने के कारण फाल्ट आने पर ट्रिप नहीं हुई और सीधा असर ट्रांसफार्मर पर पड़ा। इससे वह फुंक गया।
अवर अभियंता ने इसकी जानकारी एसडीओ और एक्सईएन ग्रामीण को दी। एक्सईएन अमर सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली सप्लाई बाधित हुई है। एक ट्रांसफार्मर के माध्यम से बिजली सप्लाई दो से तीन घंटे ढिलावल और याकूतगंज फीडर से दी जाएगी। ट्रांसफार्मर के फुंकने के पीछे अवर अभियंता की लापरवाही लग रही है। इस कारण अवर अभियंता सत्येंद्र कुमार को भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र से हटा दिया गया है।
एलटी लाइन पर गिरा एचटी लाइन का तार
फर्रुखाबाद। गांव ताजपुर में एलटी लाइन के तार पर एचटी का तार टूटकर गिरने से बल्ब समेत अन्य उपकरण फुंक गए। सूचना पर अवर अभियंता ने एसएसओ से कह कर बिजली सप्लाई बंद कराई। भोलेपुर विद्युत उपकेंद्र का दस एमवीए ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण दूसरे ट्रांसफार्मर से ढिलावल फीडरों के गांवों में शनिवार की सुबह बिजली सप्लाई दी गई। बिजली आपूर्ति के दौरान ताजपुर गांव के पास अचानक एचटी लाइन का तार टूट कर एलटी लाइन पर गिर पड़ा। एलटी लाइन में हाईटेंशन करंट दौड़ने से ग्रामीणों के घरों में लगे बल्ब व अन्य उपकरण फुंक गए। इससे ताजपुर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी अवर अभियंता को दी। अवर अभियंता सत्येंद्र कुमार ने बिजली सप्लाई बंद कराई। तब कहीं ग्रामीणों ने राहत की सास ली।