कायमगंज (फर्रुखाबाद)। पटरी पर लकड़ी का लट्ठा रखकर ट्रेन को बेपटरी करने की कोशिश में पुलिस ने कायमगंज के गांव अरियारा निवासी भाकियू (लोकशक्ति) नेता के पुत्र देव सिंह व उसके साथी मोहन उर्फ सोंटी को पकड़ा है। दोनों ने शराब के नशे में घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। हालांकि पुलिस ने अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं दिखाई है। पुलिस मंगलवार को घटना का खुलासा कर सकती है।
कासगंज से फर्रुखाबाद आ रही स्पेशल पैसेंजर ट्रेन के सामने शुक्रवार रात 11:15 बजे लकड़ी का लट्ठा डालकर भटासा हाल्ट के पास बेपटरी करने की कोशिश की गई थी। जांच में जुटी पुलिस ने भाकियू नेता के पुत्र व साथी को हिरासत में लिया था।
एएसपी डॉ. संजय कुमार सोमवार को कायमगंज कोतवाली पहुंचे। उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ पूरे मामले की जांच की। पूछताछ में भाकियू नेता के पुत्र व साथी ने बताया कि दोनों ने ट्रैक के पास शराब पी थी। नशे में उन्होंने पटरी पर लट्ठा रखा था।
एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर लकड़ी का लट्ठा दो युवकों ने नशे की हालत में रखा था। दोनों को पकड़ लिया गया है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद