फर्रुखाबाद। सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा सपा के बड़े नेताओं के पुराने मुकदमों की दोबारा जांच करवाकर फंसा रही है। आने वाले चुनावों में जनता इसका जवाब देगी।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव सेंट्रल जेल में बंद आजमगढ़ के बाहुबली विधायक रमाकांत यादव से मुलाकात करने पहुंचे। जेल से बाहर आने पर पत्रकारों से बात की।
कहा कि जेल में कोई विशेष बात नहीं है। भाजपा सपा के वरिष्ठ नेेताओं के पुराने मुकदमे खोजकर उनकी दोबारा विवेचना कराकर धाराएं बढ़ाकर परेशान कर रही है। रामपुर में पार्टी के बड़े नेता आजम खां के साथ जो हो रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है।
भ्रष्टाचार के नाम पर सपा के बड़े नेताओं को परेशान किया जा रहा है। अपराध रोकने की बात कहने वालों की पोल खुल रही है।
बदायूं में पूर्व ब्लाक प्रमुख, उनकी पत्नी और मां की घर में घुसकर दिनदहाड़े हत्या की गई। हत्या में शामिल लोगों को सत्तापक्ष का संरक्षण प्राप्त है।
अब चुनाव आने वाले हैं। जनता हर हाल में जवाब देगी। इसके बाद वह पार्टी के नेता विजय यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष नदीम अहमद फारूकी के घर भी गए।
उन्होंने एक बंदी रक्षक के घर नाश्ता किया। उनके साथ निवर्तमान महासचिव मंदीप यादव आदि नेता थे।