भाजपा मीडिया प्रभारी भड़के, बोले-कोतवाल सपा के एजेंट
फर्रुखाबाद। भाजपा नेताओं की कारों मेें लगे झंडे उतारने पर मीडिया प्रभारी ने कोतवाल को सपा का एजेंट कह डाला। जमकर खरी खोटी सुनाई और धक्का देकर बाहर निकाल दिया। कोतवाल गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन भाजपाई कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। शोर सुनकर पहुंचे सीओ सिटी ने मामले को शांत कराया। भाजपा जिलाध्यक्ष की अगुवाई में पहुंचे सभी प्रत्याशी व पदाधिकारी बैरियर से जय श्रीराम के नारे लगाते हुए आगे चले गए।
शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की अगुवाई में जनपद के सभी जिला पंचायत सदस्य पद के पार्टी समर्थित प्रत्याशी अपने वाहनों के काफिले के साथ डीएन कालेज पहुंचे। उनकी कारों पर भाजपा के बड़े-बड़े झंडे लगे थे। सीओ सिटी नितेश सिंह के आदेश पर फतेहगढ़ कोतवाल जय प्रकाश पाल पहुंचे और कारों से झंडे उतारने लगे।
यह देखकर भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी वहां पहुंच गए। उन्होंने कोतवाल से कहा कि तुम सपा के एजेंट हो। पार्टी के नेताओं की कार से झंडे उतारने की हिम्मत कैसे हुई और कोतवाल को धक्का दे दिया। शोर सुनकर और भाजपाई एकत्र हो गए। सभी ने कोतवाल को खरी खोटी सुनाते हुए डीएन कालेज के गेट के बाहर तक धकिया दिया। इस दौरान अभद्र भाषा का भी प्रयोग किया गया।
जानकारी पर सीओ सिटी नितेश सिंह मौके पर पहुंचे। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और कहा कि भाजपा अनुशासित पार्टी है। इस तरह पार्टी नेताओं की कारों से झंडे उताकर अपमानित करना ठीक नहीं है। इस पर सीओ ने भाजपा नेताओं को शांत किया। यहां से भाजपा नेता प्रत्याशियों व प्रस्तावकों के साथ नारेबाजी करते हुए कचहरी बैरियर पर पहुंचे।
भीड़ को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया लेकिन सभी अपने को प्रत्याशी व प्रस्तावक बताकर अंदर घुस गए। जय श्रीराम के नारे लगाते हुए कलक्ट्रेट के पहले गेट पर पहुंचे। वहां सीओ सिटी ने सभी को बिना तलाशी के अंदर जाने से रोक दिया। आधे घंटे की मशक्कत के बाद सभी अंदर घुस गए। इसके बाद प्रत्याशियों व प्रस्तावकों का हुजुम एसडीएम कोर्ट के बाहर चैनल पर एकत्र हो गया। वहां भी धक्का मुक्की होती रही।
कोरोना की तेज रफ्तार से नहीं डर रहे थे भाजपा नेता
भाजपा नेताओं में कोरोना का डर नहीं दिखाई दिया। सामाजिक दूरी के नियम तार-तार कर भीड़ की शक्ल में बैरियर से आगे बढ़े। पुलिस व प्रशासन भी भाजपा नेताओं के आगे बौना साबित हुआ। प्रशासन की ओर कही भी सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं की गई थी।
पूर्व छात्र संघ नेता की कार से उतरवाए झंडे
पूर्व छात्र संघ नेता मुनीश मिश्रा बसपा समर्थित प्रत्याशी का नामांकन कराने के लिए कारों के काफिले के साथ कचहरी बैरियर के पास पहुंचे। तभी सीओ सिटी नितेश सिंह व कोतवाल जय प्रकाश पाल ने कार में लगे बसपा के झंडे उतार लिए। इस पर छात्र नेता की नोकझोंक होने लगी। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के झंडे उतारना फिर देखेंगे। इसके बाद कोतवाल ने उनके गले में पडे़ झंडे को भी निकाल लिया।