थाना दिवस में जिलाधिकारी के सामने ग्राम सभा बिल्सड़ी के प्रधान ग्रामीणों
से भिड़ गए। इससे गुस्साए डीएम ने प्रधान को निलंबित करने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी को दिए। उन्होंने ग्राम सभा बघार के लेखपाल को भी ठीक
से कार्य करने की हिदायत दी। इससे पहले उन्होंने थाने का निरीक्षण भी किया।
फर्रुखाबाद व फतेहगढ़ के थाना दिवस में कोई भी
फरियादी नहीं
पहुंचा। जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने शनिवार को थाना दिवस में भाग लेने
कंपिल पहुंचे। पहले उन्होंने थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने
टेबल के नीचे ईंटें लगी देख टेबल बदलवाने को कहा। इसके बाद पीड़ितों की
समस्याएं सुनीं। विद्यावती देवी ने खेत से दबंगों का कब्जा हटवाने की मांग
की। डीएम ने एसओ कंपिल को निर्देश दिए कि
दबंगों के खिलाफ कार्रवाई
कर कब्जा हटवाया जाए। ग्राम सभा बिल्सड़ी के मजरा जैनपुरा के बदन सिंह,
जबर सिंह, राजकुमार, राजू और मकरंद सिंह ने शिकायत की कि विकास कार्य करवाए
जाने की मांग पर प्रधान महिपाल शाक्य ने उनके साथ गालीगलौज किया। डीएम ने
प्रधान को मौके पर बुलवाया। डीएम के सामने ही प्रधान ग्रामीणों से भिड़
गया।
गुस्साए डीएम ने सीडीओ एसएन शुक्ल को निर्देश दिए कि महिपाल
शाक्य को प्रधानी से हटाया जाए। बघार निवासी उपेंद्र ने खेत पर कब्जे की
शिकायत की। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय लेखपाल रामदास को निलंबित करने के
निर्देश तहसीलदार कायमगंज विनोद जोशी को दिए। कानूनगो कन्हैयालाल पाल ने
लेखपाल के पक्ष में सफाई दी तो डीएम ने लेखपाल को
ठीक से काम करने की
हिदायत देकर छोड़ दिया। इस अवसर पर एसपी विजय यादव, ब्लाक प्रमुख केके
चतुर्वेदी और एसओ कंपिल सुदीप मिश्र आदि मौजूद रहे। समाधान दिवस में सिटी
सर्किल में मऊदरवाजा में तीन शिकायतें आईं। इनके निस्तारण के लिए टीम को
भेज दिया गया। वहीं शहर कोतवाली और फतेहगढ़ कोतवाली में कोई भी शिकायत
नहीं आई।
कायमगंज प्रतिनिधि के अनुसार एसडीएम बीडी वर्मा की अध्यक्षता
में कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में बजरिया रामलाल निवासी ओमप्रकाश ने
अपने पुत्र और पौत्र पर जबरन मकान पर कब्जा करने और उसे जान की धमकी देने
की शिकायत की। पृथ्वी दरवाजा निवासी सूरजमुखी ने परिजनों पर मकान बनाने का
विरोध करने का आरोप लगाया। अताईपुर
जदीद निवासी कुंवर प्रसाद ने दबंगों के
पैतृक जमीन पर जबरन कब्जा करने और जान की धमकी देने की शिकायत की। कुंअरपुर
इमलाक निवासी मंजू ने परिजनों पर दरवाजा लगाने का विरोध करने का आरोप
लगाया। इस दौरान सीओ एके रावत, कोतवाल रूम सिंह यादव मौजूद रहे।