पानी भरे गड्ढे में गिरे बाइक सवार पिता-पुत्री को निकाल कर एंबुलेंस से ले जाते कर्मी।
- फोटो : FARRUKHABAD
बाइक सवार पिता-पुत्री गड्ढे में गिरे, डीएम ने निकलवाया
फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। उसी समय वहां से गुजर रहे डीएम ने दोनों को निकलवाया। इसके बाद लोगों की सूचना पर सात मिनट में ही एंबुलेस भी पहुंच गई। स्टाफ ने दोनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
मोहम्मदाबाद कोतवाली के गांव सकवाई निवासी गंगा प्रसाद पांडेय (45) अपनी पुत्री शिखा (23) के साथ गांव के ओर बाइक से जा रहे थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे वे बघार नाला के पास पहुंचे, तो सामने से आ रहे वाहन को बचाने में बाइक सड़क किनारे पानी भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। तभी वहां से डीएम मानवेंद्र सिंह ने गुजरे। उन्होंने पिता-पुत्री को निकलवाया।
उधर सूचना पर सात मिनट में ही सरकारी एंबुलेंस आ गई। उसमें तैनात ईएमटी सुखदेव सिंह और चालक ने लोगों के सहयोग से पिता-पुत्री को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। पिता-पुत्री को रास्ते में प्राथमिक उपचार भी दिया गया। गंगा प्रसाद का एक बेटा सेना में बताया जा रहा है। परिजन दोनों को सैनिक अस्पताल ले गए हैं।