कायमगंज। युवक की गांव के निकट कटिया रोड पर सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव जौंरा निवासी योगेश चंद दीक्षित का पुत्र रजत उर्फ रौनक दीक्षित (25) आसाम में पिता के साथ रहकर एक कंपनी में नौकरी करता था। उसके पिता वहां तंबाकू के सेल्समैन हैं। होली का पर्व घर पर मनाने के लिए रजत कुछ दिन पहले ही आसाम से नई बाइक लेकर यहां आया था। परिजनों के मुताबिक रजत अपने दोस्त के बुलाने पर शनिवार शाम बाइक लेकर कटिया रोड की ओर गया था। हालांकि रजत के उधर खेत भी हैं।
गांव के पास सरकारी ट्यूबवेल के पास वह सड़क पर लहूलुहान हालत में मिला। उधर से गुजर रहे गावं के युवक ने देखा तो परिजनों को सूचना दी। रजत को सीएचसी ले जाया गया। जहां से लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रजत के चाचा कमलेश दीक्षित ने बताया कि कुछ समझ में नहीं आ रहा है। अगर किसी वाहन से टक्कर होती तो बाइक में खरोच आती, लेकिन बाइक पर कोई निशान नहीं हैं।
रजत के सिर में गहरी चोट लगी है। पुलिस को सूचना दी है। मामले की जांच की जा रही है। रजत का एक बड़ा भाई सागर (27) वर्ष का है। वह बचपन से पोलियो ग्रस्त होने के कारण चलने फिरने को मजबूर है। रजत अविवाहित है। सूचना पर पिता आसाम से आ रहे हैं। लोहिया अस्पताल से मेमो की सूचना पर एसआई जगदीश वर्मा ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।