जहानगंज। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसे लोहिया अस्पताल से रेफर किया गया, मगर सैफई के रास्ते में दम तोड़ दिया। हेलमेट लगा होता तो उसका जीवन बच सकता था।
थाना क्षेत्र के गांव तारा नगला निवासी संजीव जाटव (32) मंगलवार सुबह शहर से घर की ओर बाइक से जा रहा था। वह रुनी गांव से जैसे ही निकला कि किसी तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। हेलमेट न लगे होने से सिर में गंभीर चोटें आईं। हाथ और पैर भी टूट गए थे। सूचना मिलते ही पीआरवी और राजपूताना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने एंबुलेंस से घायल को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद भी सिर से खून निकलना बंद नहीं हुआ। उसके मुंह से भी ब्लीडिंग होने लगी। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे सैफई ले जा रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
ताऊ के बेटे सनोज कुमार ने बताया कि वह चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। बड़ा दिलीप और छोटे भाई राजीव और आलोक हैं। दो बहनें प्रीती व रूबी हैं। सूचना मिलते ही मां ब्रजरानी व पिता नंदराम समेत परिजन बेहाल हैं। संजीव प्राइवेट नौकरी करता था। वह चार दिन पहले ही घर आया था। उसका सैफई में पोस्टमार्टम कराया गया।