फर्रुखाबाद। स्वास्थ्य विभाग में तैनात लिपिक मनमानी ड्यूटी कर रहे हैं। इससे कई कार्य भी प्रभावित हैं। इसको लेकर सीएमओ ने मंगलवार को लिपिकों की जमकर फटकार लगाई। समय से काम पूरा न होने पर वेतन काटने की चेतावनी दी।
सीएमओ कार्यालय में गैर जनपद से आने वाले कई लिपिक ड्यूटी से ज्यादा अवकाश पर ध्यान दे रहे हैं। लगातार दो दिन अवकाश पड़ने पर एक दिन पहले ही कार्यालय छोड़ने के साथ एक दिन की छुट्टी लेकर चार दिन घर में गुजार देते हैं। कई बार तो बिना बताए ही घर बैठ जाते हैं। इससे कई लिपिक सप्ताह में तीन से चार दिन छुट्टी मार रहे हैं। यह दिक्कतें उन लिपिकों के साथ आ रही है, जिनका निवास लखनऊ, कानपुर, कासगंज, हरदोई व शाहजहांपुर में है।
कासगंज की लिपिक तो महीने में बमुश्किल दो-चार दिन ड्यूटी कर पूरी पगार ले रही हैं। इसके चलते कई पटलों का काम समय से पूरा नहीं हो रहा है। सीएमओ ने एक लिपिक को काम के लिए बुलाया। पता चला कि वह आए ही नहीं हैं। इससे नाराज सीएमओ ने सभी लिपिकों को समय से ड्यूटी कर काम पूरा करने की चेतावनी दी।
सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि बिना बताए गायब रहने वाले लिपिक चिह्नित कर उन्हें एक सप्ताह में पटल का काम पूरा करने व निर्धारित समय पर कार्यालय आने का अल्टीमेटम दिया है। सुधार न होने पर लिपिकों का वेतन काटा जाएगा।