मोहम्मदाबाद (फर्रुखाबाद)। अन्नप्राशन संस्कार में नीब करोरी धाम पहुंचे परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। तेज रफ्तार टैंकर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, वही दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
जनपद कन्नौज के थाना छिबरामऊ के गांव सेमलपुर निवासी गोविंद के पुत्र के अन्नप्राशन संस्कार में परिवार, रिश्तेदार और ग्रामीण नीब करोरी धाम पहुंचे थे। इस अवसर पर गोविंद का दोस्त भुवनेश भी अपने परिवार के साथ बाइक से आया था। वहीं, गोविंद का एक अन्य दोस्त अर्जुन, जो थाना विशुनगढ़ के गांव खबरिया का निवासी था, अपनी पत्नी मालती और दो बेटियों, अनन्या व परी के साथ समारोह में शामिल हुआ था।
अन्नप्राशन के बाद सभी लोग भोजन कर रहे थे, लेकिन पीने के लिए पानी उपलब्ध नहीं था। इस पर भुवनेश अपनी मोटरसाइकिल पर अर्जुन को बैठाकर पास के मोहम्मदाबाद-संकिसा मार्ग पर लगे हैंडपंप से पानी लेने चला गया। रास्ते में शाम करीब पांच बजे, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक टैंकर ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में अर्जुन (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भुवनेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अर्जुन के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। घायल भुवनेश को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोहम्मदाबाद में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि टैंकर की तलाश जारी है और मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।