कमालगंज। जहानगंज मार्ग पर खड़े बाइक चालक युवक की ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद साथी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की 10 दिन बाद शादी होने थी।
थाना क्षेत्र के गांव निनौरा श्रंखलापुर निवासी सचिन कुमार (21) अहमदाबाद में प्राइवेट नौकरी करता था। शुक्रवार को उसकी सगाई व 25 अप्रैल को शादी होनी थी। वह सोमवार को घर आया था। बुधवार शाम वह जहानगंज के निकट स्थित गांव गया था। शाम करीब 7:30 बजे बाइक से घर वापस जा रहा था। तभी रास्ते में नारायनपुर गढिया में स्थित शराब ठेका के सामने सचिन बाइक रोक कर खड़ा था। तभी ट्रैक्टर ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक सड़क पर ही गिर पड़ा। सिर के ऊपर से पहिया गुजर जाने से उसकी मौत हो गई। घटनास्थल के आस-पास लोगों की भीड़ लग गई।
मामले की सूचना पर पहुंचे दरोगा भूकेन्द्र सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार सचिन की बाइक पर दो युवक और भी थे। दोनों युवक सब्जी खरीद रहे थे। घटना के बाद दोनों मौके से गायब हो गए। सचिन की मां की कई वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। पिता रामखिलाड़ी ने दूसरा विवाह किया था।
परिवार के राजेन्द्र सिंह ने बताया कि युवक अपनी शादी की तैयारियों में जुटा था। वह जहानगंज के निकट गांव में कार्ड देकर लौट रहा था। प्रभारी निरीक्षक ललित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। (संवाद)