कमालगंज (फर्रुखाबाद)। स्कूल बस के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे चल रही बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक चालक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में सिपाही को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। जहां हालत में सुधार न होने पर उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया।
कानपुर के विनायकपुर निवासी सिपाही अभय कुमार वाजपेयी (32) फतेहगढ़ स्थित पुलिस लाइन में तैनात हैं। बुधवार दोपहर करीब सवा एक बजे अभय छुट्टी लेकर बाइक से घर जा रहे थे। खुदागंज कस्बे में आर्यावर्त ग्रामीण बैंक के पास आगे चल रही एक स्कूल बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे अभय की बाइक बस में भिड़ गई।
आसपास के लोगों ने घायल सिपाही को उठाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना के बाद चालक बस लेकर चला गया। चौकी पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से अस्पताल भेज दिया। सीधे हाथ की कोहनी टूट जाने से उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हेलमेट पहने होने से सिपाही के सिर में चोट नहीं आई।
घायल ने बताया कि वह 25 दिनों की छुट्टी लेकर बाइक से घर जा रहा था। आगे चल रही स्कूल बस के चालक ने एक दम से बस रोक दी। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि घायल सिपाही को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्कूल बस के बारे में जानकारी की जा रही है।