मोहम्मदाबाद। तकीपुर गांव से जिला शाहजहांपुर के जलालाबाद बाइक से जाते समय युवक की बाइक खड़े ट्रक से टकरा गई। इससे युवक की मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन जलालाबाद पहुंचे और शव लेकर घर आए। शव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मोहम्मदाबाद के गांव तकीपुर निवासी पूरन सिंह (22) रविवार को बाइक से जलालाबाद शाहजहांपुर में अपने रिश्तेदार के घर बाइक से जा रहा था। जलालाबाद में सड़क किनारे ट्रक खड़ा था। बाइक तेज गति से होने के कारण ट्रक में घुस गई। इससे पूरन सिंह की मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर जलालाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव के पास से मिले कागजों में लिखे नंबर से परिजनों को घटना की जानकारी दी। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था। छोटा भाई बॉबी गांव के अन्य लोगों के साथ जलालाबाद गया और भाई के शव को लेकर गांव आए।
शव आते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरन अपने परिवार में सबसे बड़ा था। भाई बॉबी ने बताया कि बडे़ भाई पूरन सिंह की शादी तय हो गई थी। नवरात्रि के बाद शादी होनी थी। वह रिश्तेदार के घर बाइक से गया था।