कमालगंज। फतेहगढ़-छिबरामऊ मार्ग पर खराब खड़े ट्रक में बाइक भिड़ जाने से घायल बीएड छात्र की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजनों में मातम छा गया। छात्र दावत खाकर लौट रहा था। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की।
जहानगंज क्षेत्र के गांव बंदरखेड़ा निवासी पोस्टमैन रामप्रकाश का पुत्र विवेक कुमार शनिवार शाम करीब 7 बजे बाइक से रतनपुर में दावत खाने गया था। दावत खाकर वापस घर जाते समय रात करीब 9 बजे रास्ते में गांव कुढ़निया के पास विवेक की बाइक सड़क पर खड़े खराब ट्रक में भिड़ गई। हादसे में विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंचे आस-पास के लोगों ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। जहां हालात में सुधार न होने पर लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। यहां चिकित्सक ने विवेक को हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। इस पर परिजन घायल को निजी अस्पताल ले गए। जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की जानकारी पर परिवार में मातम छा गया। विवेक का भाई दिलीप कुमार व बहन सरिता देवी हैं। विवेक कस्बा के आरपी डिग्री कॉलेज में बीएड द्वितीय सेमेस्टर में पढ़ता था।