फर्रुखाबाद। बारिश से शहर व ग्रामीण इलाकों की 33 व 11 केवी लाइनों में फॉल्ट से बिजली ठप हो गई। दोपहर में बारिश थमने के बाद फॉल्टों की मरम्मत शुरू हुई। शहरी क्षेत्र के मोहल्लों की दोपहर बाद बिजली चालू हो गई। करीब 900 गांवों की बिजली देर रात तक चालू नहीं हो पाई।
बारिश से लाइनों के कई जगह इंसूलेटर खराब हो गए। कुछ जगहों पर पेड़ों से तार टकराने से भी फाल्ट आ गए। नवाबगंज, शमसाबाद, हजियांपुर, गंगापार क्षेत्रों के चार विद्युत उपकेंद्र मोहम्मदाबाद, जहानगंज, कमालगंज, व कायमगंज विद्युत उपकेंद्र ठप बने रहे। इससे गांव की बिजली गायब रही।
बुधवार दोपहर बारिश थमने के बाद फाल्टों को सही कराने का काम शुरू कराया गया। देर शाम तक शहरी इलाकों में बिजली चालू हो गई। वहीं करीब 900 गांवों की बिजली चालू नहीं हो पाई। विभागीय कर्मचारी फाल्ट सही करने का काम देर शाम तक करते रहे।