फर्रुखाबाद। भाजपा ने सपा के पूर्व राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह यादव की बेटी व निर्दलीय प्रत्याशी मोनिका यादव को जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ाने के लिए समर्थन दे दिया है। सपा प्रत्याशी को हर कीमत पर हराने के लिए भाजपा ने अपनी पार्टी से जीते जिला पंचायत सदस्यों के आवेदन भी नकार दिए हैं। अब देखना यह है कि किस हद तक भाजपा की यह तिरछी चाल कामयाब होगी।
जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में भाजपा को पूरी ताकत लगाने के बावजूद करारी हार का सामना करना पड़ा था। 30 पदों पर भाजपा अपने मात्र चार प्रत्याशी ही जिता सकी। अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव का बिगुल बज चुका है। भाजपा से जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए पार्टी के समर्थन से जीते कुंवरजीत राजपूत व ज्योति गुप्ता ने आवेदन किया था। वहीं सपा के पूर्व राज्यमंत्री नरेंद्र सिंह यादव की बेटी मोनिका यादव ने 11 जून को पत्र भेजकर भाजपा जिलाध्यक्ष से समर्थन मांगा था। शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता ने आवास विकास स्थित पार्टी कार्यालय में सांसद मुकेश राजपूत, विधायक मेजर सुुनील दत्त द्विवेदी, सुशील शाक्य, नागेंद्र सिंह राठौर व मोनिका यादव के साथ एक मंच पर बैठकर पत्रकार वार्ता की। जिलाध्यक्ष ने जिला पंचायत अध्यक्ष की निर्दलीय प्रत्याशी मोनिका यादव को समर्थनपत्र सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्रीय नेतृत्व से विचार के बाद प्रदेश नेतृत्व की सहमति पर यह निर्णय लिया गया है। पार्टी से जीते जिला पंचायत सदस्यों को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने का मौका न दिए जाने के सवाल पर जिलाध्यक्ष के साथ जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि सपा प्रत्याशी को हर कीमत पर चुनाव हराने के लिए यह निर्णय लिया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी ही जीतेगा। वहीं मोनिका यादव ने कहा कि उन्होंने समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि अभी उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं की है। बातचीत के रुख को देखते हुए मोनिका यादव के जल्द ही भाजपा में शामिल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। उधर सपा से डॉ. सुबोध यादव प्रत्याशी पहले ही घोषित हो चुके हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर चुनाव को लेकर फिर सपा में दो फाड़ हो गए हैं। इस दौरान मंच पर सत्यपाल सिंह, कुलदीप गंगवार, प्रांशुदत्त द्विवेदी आदि मौजूद रहे।