यूपी बोर्ड की परीक्षा आज से शुरू हो रही है। हाईस्कूल में 27844 और इंटर
में 20951 परीक्षार्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा के लिए
जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और सचल दलों का गठन कर दिया है। परीक्षा केंद्रों
पर अव्यवस्थाएं जस की तस हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षा गुरुवार से
प्रारंभ हो रही है। केंद्रीय कारागार सहित 83 परीक्षा केंद्रों पर
परीक्षाएं दोनों पालियों में होंगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों के
अलावा बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की कक्ष निरीक्षक में ड्यूटी लगाई गई
है। प्रशासन ने नकल विहीन परीक्षा कराने की तैयारी पूरी कर ली है।
प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा, एक हेडकांस्टेबिल, दो सिपाही और तीन
होमगार्ड तैनात किए गए हैं।
बालिकाओं के परीक्षा केंद्र पर महिला पुलिस
कर्मियों की तैनाती गई गई है। छापेमारी के लिए सेक्टर, जोनल और सचल दलों का
गठन किया गया है। इनको दोनों पालियों में परीक्षा के दौरान छापेमारी कर
नकल माफियाओं पर शिकंजा कसने का आदेश दिया है। जिलाधिकारी एनकेएस चौहान ने
जिले में धारा 144 लगा दी है। सभी एसडीएम को परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने
के निर्देश दिए है। परीक्षा के दौरान किसी केंद्र पर दबंगों ने नकल कराने
का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
परीक्षा में इन पर है प्रतिबंध
मोबाइल फोन, शस्त्र, माचिस, गुटखा, इलेक्ट्रानिक डायरी लेकर जाना प्रतिबंधित है।
फोटोस्टेट की दुकानें रहेंगी बंद
बोर्ड परीक्षाओं के दौरान परीक्षा केंद्र के पास स्थित फोटोस्टेट की
दुकाने बंद रखने का आदेश जिलाधिकारी ने दिया है। डीएम ने पुलिस को दुकान
खोलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया है।