लोहिया अस्पताल में निरीक्षण के दौरान सीएमएस से जानकारी करते डीएम रविंद्र कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सोमवार को लोहिया अस्पताल का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने सीएमएस को ऑक्सीजन का स्टाक खत्म होने से पहले ही उसकी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सुबह 10 बजे इमरजेंसी वार्ड पहुंचे। यहां मौजूद दो मरीजों के तीमारदारों से पूछा कि किसी ने पैसों की डिमांड तो नहीं की? ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर राजेश तिवारी से मरीजों के ऑक्सीजन के बारे में जानकारी ली। डॉ. ने बताया कि यहां पर 24 घंटे एडवांस में ऑक्सीजन सिलेंडर रहता है। सामान्य वार्ड में भर्ती मरीजों से पूछताछ करते हुए डीएम एनआरसी वार्ड में गए। यहां भर्ती तीन कुपोषित मरीजों के तीमारदारों से वार्ता के बाद उन्होंने एसएनसीयू वार्ड में नवजात शिशुओं को देखा।
नर्स ने बताया कि यहां पर चार आक्सीजन सिलेंडर और चार आक्सीजन कंसंट्रेटर मशीनें है। 12 बेड है। डीएम ने ऑक्सीजन सिलेंडर स्टाक के बारे में जानकारी ली। डीएम ने लोहिया अस्पताल के मरीजों को बाहर ले जाने वाले दलालों पर अंकुश लगाने की बात कही तो सीएमएस डॉक्टर बीबी पुष्कर ने बताया कि करीब दो महीना पहले उन्हाेंने दलालों की सूची सिटी मजिस्ट्रेट के यहां भेजी थी।
वहां से कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस को सूची भेजी गई लेकिन पुलिस ने अभी तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। डीएम ने कहा कि इस संबंध में वह एसपी से बात करेगें। सीएमएस ने बताया कि कैंपस के अधिकांश आवासों पर कुछ लोगाें ने अवैध कब्जा कर रखा है। कई बार नोटिस दिया गया लेकिन वे आवास खाली नहीं कर रहे है। डीएम ने कहा कि उन्हें लिख कर भेजें, जल्द ही आवास खाली हो जाएंगे।
सीएमएस और सीएमओ देर से पहुंचे
फर्रुखाबाद। डीएम के आने की भनक सीएमएस डॉक्टर बीबी पुष्कर को नहीं हुई। डीएम एसएनसीयू वार्ड में थे। उस समय सीएमएस वहां पर पहुंचे। जब डीएम वापस जाने के लिए निकल रहे थे। तब प्रभारी सीएमओ डॉक्टर चंद्रशेखर वहां पर पहुंचे।
सीएमओ से होगा जवाब-तलब
फर्रुखाबाद। निरीक्षण के दौरान खामियां मिलने पर डीएम ने नए सीएमओ के बारे में पूछा। प्रभारी सीएमओ डॉक्टर चंद्रशेखर ने बताया कि वह 10 अगस्त को ज्वाइन करने के बाद अवकाश पर चले गए हैं। यह सुनकर डीएम ने अपने कर्मचारी से सीएमओ को नोटिस भेज कर जवाब तलब करने की बात कही।