लाठी-डंडों से पीटा, फायरिंग, चार घायल
कंपिल। खेत जोतने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दबंगों ने ग्रामीण व उसके परिजनों को दौड़ा-दौड़ा कर लाठी-डंडों से पीटा। इसके बाद फायरिंग कर दहशत फैला दी। गांव वालों को देख हमलावर फरार हो गए। घटना में चार लोग घायल हो गए। वे थाने पहुंचे जहां से पुलिस ने सीएचसी भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी कामता प्रसाद माथुर का गांव के ही कुछ लोगों से लगभग छह बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार सुबह कामता प्रसाद के पुत्र संतराम, संतोष गांव के निकट खेत जोतने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लगभग 12 लोग लाठी-डंडे व असलहे लेकर खेत पर पहुंच गए।
उन्होंने संतोष को खेत जोतने से रोका तो दोनों में गालीगलौज शुरू हो गई। इसी दौरान फायरिंग होने से आसपास खेतों में काम कर रहे किसानों में भगदड़ मच गई। संतोष और संतराम ने भागकर बचने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने दोनों भाइयों को खेतों में दौड़ा दौड़ा कर लाठी-डंडों से पीटा। भांजा राजू व भाई अवधेश बचाने आए तो हमलावरों ने उन्हें भी पीट कर घायल कर दिया।
ग्रामीणों को आता देख हमलावर मौके से फरार हो गए। परिजन घायलों को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें सीएचसी कायमगंज भेज दिया। हालत नाजुक होने पर दो घायलों को लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। अवधेश ने बताया कि पिता कामता प्रसाद के नाम छह बीघा जमीन का पट्टा लगभग 40 वर्ष पुराना था।
इसको दबंग ने अपनी पत्नी व अन्य परिजनों के नाम करा लिया और खेत में खड़ी उसकी अरहर की फसल को जोत कब्जा कर लिया। इसको लेकर विवाद चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि घटना कि जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।