फर्रुखाबाद। गली से निकलते वक्त शरारती युवकों ने एक युवक पर पटाखा फेंक दिए। मना करने पर पकड़ कर मारपीट कर दी। भागकर घर में घुसा, तो दबंगों ने घर पर पथराव कर दिया। घायल ने नौ नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
मऊदरवाजा थाने के मोहल्ला नौलक्खा निवासी अशर्फी सोमवार शाम करीब छह बजे मोहल्ले की पुलिया से निकल रहे थे। वहां खड़े युवकों से निकल जाने के बाद पटाखा चलाने की बात कही। जैसे ही वह निकला तो युवकों ने पटाखा उसके ऊपर फेंक दिया। इससे वह जमीन पर गिर गया। विरोध करने पर दबंगों ने पकड़कर पीट दिया।
बमुश्किल छुड़ाकर वह घर में घुसा तो दबंगों की भीड़ ने मकान पर धावा बोल दिया। उसने गेट बंद कर लिया तो उन्होंने मकान पर पथराव कर दिया। गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देकर ये लोग चले गए। पीड़ित अशर्फी ने नौ नामजद व 12 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।