फर्रुखाबाद जिले में दहेज के लिए पीटने के बाद शिक्षिका बहू का गर्भपात हो गया। महिला थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर महिला के पति सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कादरीगेट थाना क्षेत्र के आवास विकास कॉलोनी निवासी साधना सिंह ने महिला थाने में दिल्ली करौल बाग गली नंबर तीन देवन नगर निवासी पति विपिन कुमार, ससुर जीत सिंह, सास संतोष कुमारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
इसमें बताया कि वह बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका है। उसका 15 जुलाई 2013 को विपिन कुमार के साथ विवाह हुआ था। विपिन कुमार अनुसंधान केंद्र खुर्जा जनपद बुलंदशहर में वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी प्रथम के पद पर तैनात है। ससुरालीजन कुछ दिन बाद ही दहेज की मांग कर उसको प्रताड़ित करने लगे। परिजनों ने कई बार पति सहित ससुरालीजनों को रुपये देकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया। वह गर्भवती हो गई।