कमालगंज। कार से आए दबंगों ने बाइक सवार बीडीसी को टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद उसे पीट कर अधमरा कर दिया। परिजनों ने घायल बीडीसी को जिला जेल चौराहे के पास प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया है। बीडीसी ने दबंगों पर बीस हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है।
कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव नौसरा निवासी देवचंद्र बीडीसी हैं। वह गुरुवार देर शाम बाइक से घर जा रहे थे। गांव के मोड़ पर पीछे से आई कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
इससे वह बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसके बाद कार से उतरे तीन दबंगों ने उन्हें पीटकर अधमरा कर दिया। अंगौछे से गला कसने का प्रयास किया। आरोप है कि दबंगों ने उनकी जेब से बीस हजार रुपये व पर्स लूट लिया।
इसके बाद उन्हें मृत समझकर चले गए। परिजन तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे तो देवचंद्र सड़क पर बेहोश पड़े मिले। रात 12 बजे परिजनों ने देवचंद्र को जिला जेल चौराहे के पास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
शुक्रवार को होश में आने के बाद बीडीसी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने तीन दबंगों के खिलाफ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास करने व बीस हजार रुपये लूटने के आरोप में पुलिस को तहरीर दी।
पुलिस ने जांच की तो मामला मारपीट का मिला। इस पर पुलिस ने लूट की बात तहरीर से हटाने पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही। इस मामले में पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र भेजकर गुहार लगाई। एसओ अजय नरायण सिंह ने बताया कि मारपीट की बात सामने आई है। तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।