ढाईघाट पर गंगा में नहाते समय जीजा-साले डूब गए। गोताखारों ने खासी मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले। शव देख परिजन रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने पंचनामे के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव खुड़नाखार निवासी राजन (20) पुत्र घासीराम के यहां दो दिन पहले इनके बड़े भाई संजू का साला विजयलक्ष्मण (14) पुत्र गिरंद सिंह निवासी गिद्दियापुर थाना तालग्राम जिला कन्नौज आया था। गुरुवार तड़के राजन, विजयलक्ष्मण और गांव के ही राजू दशहरा पर गंगा नहाने के लिए ढाईघाट पहुंचे।
राजू घाट किनारे कपड़े देखने लगा और राजन तथा विजयलक्ष्मण गंगा नदी में नहाने के लिए चले गए। गहरे पानी में जाने से विजयलक्ष्मण डूबने लगा। विजयलक्ष्मण को डूबता देख राजन ने उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान वह भी गहरे पानी में जाकर डूबने लगा।
जीजा-साले को डूबता देख घाट पर मौजूद स्नानार्थियों ने शोर मचाया। शोरशराबा सुनकर कुछ दूर पर मौजूद गोताखोर आए और उन्होंने गंगा नदी में छलांग लगा दी। करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने राजन और विजयलक्ष्मण को गंगा नदी से बाहर निकाला लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम कायमगंज बीडी वर्मा, सीओ कायमगंज एके रावत और एसओ शमसाबाद प्रदीप यादव के अलावा मृतक के परिजन घासीराम और अनुज आदि मौके पर पहुंचे। शव देख परिजन रोने-बिलखने लगे। पुलिस ने पंचनामे के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसडीएम ने बताया कि गंगा के दूसरे छोर पर घटना हुई है। वह इलाका शाहजहांपुर जिले में आता है। मुआवजे के बारे में एसडीएम जलालाबाद ही बताएंगे।