कंपिल। शुक्रवार को हुई तेज बारिश से लोगों को राहत मिली, लेकिन 10 मिनट की ही बारिश से कस्बे के मुख्य मार्ग सहित गांव की गलियों में पानी भर गया। इससे लोगों को आने-जाने में समस्या हुई। बारिश से बिजली भी गुल हो गई।
सुबह से ही बादल छाए रहे। शाम करीब पांच बजे तेज बारिश हुई। इससे कस्बा के मुख्य मार्ग सहित कई गलियां तालाब सी नजर आने लगीं। मुख्य मार्ग गंगा रोड पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से बारिश का पानी भर गया। इससे पैदल चलने वाले लोगों को कीचड़ भरे पानी से निकलने में समस्या हुई।
कस्बे से सटे गांव पट्टी मदारी में सिवारा रोड से रुदायन रोड को जाने वाले मार्ग पर कीचड़ भर गया। इससे लोग परेशान रहे। इसके अलावा गांव रौकरी में मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव हो गया। इससे लोगों को आने जाने में समस्या रही।
गांव दूदेमई, पथरामई, गंगपुर, शाहपुर, पुंथर सहित कई गांवों की गलियों में बारिश का पानी भर गया। इससे बूढ़े, बच्चे परेशान रहे। बारिश होने से लाइन में फाल्ट होने से कंपिल व सिवारा के उपकेंद्र बंद हो गए। इससे दो सैकड़ा से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। इधर, फर्रुखाबाद शहर में दोपहर को कुछ देर बूंदाबांदी होने से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई। शाम तक बादल छाए रहे।
निकासी की व्यवस्था होने से हुआ जलभराव
नवाबगंज। नगर के बाबू सिंह बालिका डिग्री कॉलेज रोड पर नगर पंचायत नाला निर्माण करवा रहा है। इससे पानी की निकासी की सही व्यवस्था नहीं है। गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह हुई बारिश होने से जलभराव हो गया।
लोगों को खासी दिक्कतें उठानी पड़ीं। कुछ जगह नाले की ईंटें गिर पड़ीं। इससे निर्माण की गुणवत्ता पर लोगों ने सवाल उठाए। ईओ सुभाष चंद्र ने बताया कि पानी की अभी निकासी नहीं है। नाला गुरुवार को दिन में बना था और रात में पानी बरस गया, इससे हो सकता है कि कुछ जगह क्षतिग्रस्त हो गया हो।