फर्रुखाबाद। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन ने बार एसोसिएशन सदर तहसील कमेटी को भंग कर दिया है। शीघ्र चुनाव संपन्न कराने के लिए वकीलों से पंजीयन प्रमाण पत्र की छाया प्रति मांगी है।
शुक्रवार को तहसील में एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन विनोद कनौजिया की अगुवाई में वकीलों की बैठक बुलाई गई। इसमें बताया कि गुरुवार को हुई बैठक में वकीलों ने बार एसोसिएशन तहसील का चुनाव मॉडल बॉयलाज से कराने की मांग की थी। तहसील अध्यक्ष व महासचिव सहित अन्य पदाधिकारी चुनाव में सहयोग नहीं कर रहे हैं।
जबकि, कार्यकारिणी का कार्यकाल 15 फरवरी को ही खत्म हो चुका है। ऐसे में पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए बार एसोसिएशन तहसील की कमेटी को भंग किया जाता है। उन्होंने सभी वकीलों से मतदाता सूची का शीघ्र प्रकाशन करने के लिए अपने पंजीयन प्रमाण पत्र की छायाप्रति समय से उपलब्ध कराने की बात कही।
बार एसोसिएशन तहसील की कमेटी चुनाव में व्यवधान डालती है तो उसकी सूचना बार काउंसिल उत्तर प्रदेश को दी जाएगी।