फर्रुखाबाद। एक बैंक की कैश वैन को चालक सड़क पर खड़ी करके चला गया। उसी समय आईं स्कूली बसों व अन्य कारों की वजह से नेहरू रोड जाम हो गया। चौक से लोहे वाली गली तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कुछ लोगों की सूचना पर पहुंचे होमगार्ड ने बैंक के गार्ड को बुलाकर कार को हटवाया। इसके बाद करीब एक घंटे में यातायात सामान्य हो सका। जाम के दौरान जिम्मेदार यातायात विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा।
शहर के नेहरू रोड पर सेठ गली के सामने सड़क पर दोपहर करीब ढाई बजे एक बैंक के कर्मचारी कैश वैन खड़ी करके चले गए। कुछ ही देर में वहां पहुंची स्कूली बसें व अन्य कारों की वजह से जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति यह हुई कि चौक से लोहे वाली गली तक वाहन फंस गए। जब चौक पर जाम लगना शुरू हो गया, तब एक होमगार्ड मौके पर पहुंचा।
उसी वक्त कैश वैन का एक गार्ड आ गया। जाम में करीब पौन घंटे से फंसे लोगों के अलावा दुकानदारों ने शोरगुल शुरू कर दिया। सड़क पर खड़ी वैन को तुरंत हटाने की आवाजें आने लगीं। गार्ड की सूचना पर पहुंचे चालक से वैन को हटवाया गया। इसके बाद दक्षिण दिशा का यातायात चालू हो सका। करीब एक घंटे बाद आवागमन सामान्य हुआ। जाम में फंसे लोगों के अलावा बसों में छात्र-छात्राओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
यातायात उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने बताया कि सड़क पर वैन खड़ी होने से जाम की सूचना नहीं मिली। वह इसकी निगरानी करवाकर वाहनों को सड़क पर खड़े होने पर रोक लगाएंगे।