फर्रुखाबाद। केला लेकर महाराष्ट्र से रुद्रपुर जा रहा केला भरा ट्रक आगे जा रहे ट्रक में पीछे से टकरा गया। इसमें दोनों चालक फंस गए। जेसीबी की सहायता से आधा घंटे में दोनों को निकाला गया। अस्पताल में इलाज के दौरान सहायक चालक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बघार नाला के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे केला भरा तेज रफ्तार ट्रक आगे जा रहे ट्रक से टकरा गया। टक्कर तेज होने की वजह से चालक और सहायक चालक ट्रक में फंस गए। सूचना पर पहुंचे बघार चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने पुलिस बल और आसपास लोगों के सहयोग से जेसीबी बुलाकर करीब आधा घंटे में दोनों चालकों को निकालकर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
सहायक चालक रामपुर के थाना सोहार के गांव राजानगर निवासी भूरा (35) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी सोहेब (28) को खतरे से बाहर बताया जाता है। सोहेब ने बताया कि वह महाराष्ट्र से केला भरकर रुद्रपुर जा रहा था। बघार के पास अचानक ब्रेक लगाई, मगर फेल हो गया। ट्रक को बचाने का प्रयास किया, मगर तब तक आगे चल रहे ट्रक में टक्कर लग गई।
दुर्घटना की सूचना ट्रक मालिक को दे दी गई है। सहायक चालक के परिजनों को भी बता दिया गया है।