शहर के प्रसिद्ध बढ़पुर शीतला माता मंदिर के पीछे प्राचीन तालाब का जीर्णोद्धार होगा। इसे वाटर रिचार्जिंग हब के रूप में विससित करने की योजना है। तालाब तक पहुंचने को पक्का मार्ग बनेगा। चारों ओर चौड़ा रास्ता, पौधरोपण, सुंदर लाइटिंग होगी। लोगों के बैठने को बेंचें भी बनाई जाएंगी। नगर पालिका परिषद ने शासन को इसका प्रस्ताव बनाकर भेजा है।
शहर में एक जमाना था जब कई तालाब हुआ करते थे, मगर उनकी देखरेख न होने से अब लगभग सभी पर कब्जा हो चुका है। कुछेक तालाब बचे हैं, वह पूरी तरह नाले-नालियों के पानी का केंद्र बन गए हैं। उनमें सड़ांध उठती रहती है। ऐसे ही शहर के बढ़पुर देवी मंदिर के पीछे एक प्राचीन तालाब है। इसमें कभी पानी सूखता नहीं है। ऐसे में शासन की मंशा के अनुरूप इसे वाटर रिचार्जिंग का हब बनाने की योजना नगर पालिका परिषद ने बनाई है।
पालिका ने तालाब के सुंदरीकरण का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। इसमें तालाब तक पहुंच मार्ग बनेगा। दोनों तरफ सुंदर पौधरोपण होगा। इसके अलावा तालाब के चारों ओर पक्का मार्ग बनाया जाएगा। इस मार्ग पर पौधरोपण और सुंदर फुलवारी लगाने की योजना है। यही नहीं रंग-बिरंगी एलईडी लाइटिंग भी होगी। पालिका ने शासन को प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही डीपीआर बनवाकर काम शुरू करवा दिया जाएगा।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
पालिका बढ़पुर तालाब को सुंदर बनाना चाहती है। यहां जल कभी खत्म नहीं होता, लिहाजा इसे वाटर रिचार्जिंग का अच्छा स्रोत बनाया जा सकता है। दो मकसद हैं। एक वाटर रिचार्जिंग और लोगों को टहलने के लिए सुंदर स्थल का निर्माण करना। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू होगा।’ -रश्मि भारती, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका फर्रुखाबाद।