त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में लगाए गए
अध्यापकों की बुधवार को ब्लाक में बैठक बुलाई गई थी। यहां इन्होंने गर्मी
की छुट्टियों में काम न करने की आवाज बुलंद की। इसकी जानकारी पर पहुंचे
एसडीएम ने हाईकोर्ट के आदेश का भय दिखाकर इन्हें शांत करा दिया। साथ ही इस
कार्यक्रम के बाद चुनाव में उनकी ड्यूटी न लगाने का भरोसा देकर शांत कराया।
पंचायत चुनाव की मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण में बीएलओ बनाए गए
अध्यापकों की बैठक ब्लाक सभागार में बुलाई गई थी। बैठक ले रहीं बीडीओ विमला
देवी के सामने अध्यापकों ने जून की छुट्टी में काम करने से मना कर दिया।
इनका कहना था कि वह जुलाई से अगस्त तक काम निपटा देंगे। जून में काम नहीं
करेंगे। बीडीओ ने तुरंत एसडीएम बीडी वर्मा को विरोध की जानकारी दी। इस पर
वे तहसीलदार विनोद जोशी को साथ लेकर विकास खंड कार्यालय पहुंचे। इन्होंने
अध्यापकों को हाईकोर्ट के आदेश की जानकारी देते हुए बताया कि आपातकाल में
चुनाव कार्यक्रम में अध्यापकों से बीएलओ का काम लिया जा सकता है। बताया कि
इस समय तीन राष्ट्रीय कार्यक्रम चल रहे हैं। इन तीनों को संपन्न कराना उनकी
जिम्मेदारी है। कहा कि सूची पुनरीक्षण में लगे अध्यापकों से चुनाव के
दौरान काम नहीं लिया जाएगा। कई अध्यापकों ने जानकारी दी कि वह स्कूल में
अकेले हैं। जुलाई में विद्यालय खुलने पर उनकी जिम्मेदारी होती है। इस पर
एसडीएम ने कहा
कि वह कुछ समय के लिए स्कूल खोलकर फिर चुनाव कार्य पर जा
सकते हैं। एसडीएम ने बताया कि इस काम में कायमगंज ब्लाक की 87 ग्राम
पंचायताें और 12 न्याय पंचायतों में 102 बीएलओ और 24 पर्यवेक्षण अधिकारी
तैनात किए गए हैं। नवाबगंज ब्लाक की 70 ग्राम पंचायतों और 9 न्याय पंचायतों
में 83 बीएलओ और 10 पर्यवेक्षण अधिकारी तथा , शमसाबाद ब्लाक की 99 ग्राम
पंचायतों और 13 न्याय पंचायतों में 108 बीएलओ व 26 पर्यवेक्षण अधिकारियों
को
तैनात किया गया है। तहसीलदार विनोद जोशी ने कहा कि बीएलओ को स्टेशनरी का
वितरण 31 मई तक किया जाएगा। बीएलओ घर-घर जाकर गणना और सर्वेक्षण कार्य 1
जून से 13 जुलाई तक संपन्न करेंगे। 14 जुलाई से 7 अगस्त तक कंप्यूटरीकृत
पांडुलिपि तैयार कराई जाएंगी। 8 अगस्त को निर्वाचक नामावली का अनंतिम
प्रकाशन होगा। 8 से 10 अगस्त
तक अनंतिम निर्वाचक नामावली का निरीक्षण किया
जाएगा। 8 अगस्त से 14 अगस्त तक दावे और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा
तथा 31 अगस्त को निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होेंने इस दौरान चल रहे पिछड़ी जाति आरक्षण गणना के कार्य को तथा मतदाता
पहचान पत्रों को आधार कार्ड से लिंक कराने के कार्य को भी संपन्न कराने के
निर्देश दिए।
गर्मी से बेहाल शिक्षिका हुई बेहोश
कायमगंज
विकासखंड सभागार में भीषण गर्मी के मौसम में दोपहर को बुलाई गई बैठक में
एक महिला शिक्षक कुर्सी पर बैठे-बैठे बेहोश हो गई। पति और साथी अध्यापकों
ने उन्हें होश में लाने का प्रयास किया। काफी देर तक होश न आने पर एसडीएम
ने अपनी गाड़ी से उन्हें सीएचसी भिजवाया।
ब्लॉक सभागार में बुधवार की
दोपहर बीएलओ की बैठक बुलाई गई थी। इसी दौरान प्राथमिक विद्यालय अकाखेड़ा
में तैनात अध्यापिका नीरज कुमारी पत्नी अरविंद वर्मा बेहोश हो गईं। लगभग सौ
लोगों की मौजूदगी वाले इस हाल में मात्र दिखाने के लिए पंखे चल रहे थे।
भीषण गर्मी में मीटिंग हाल में बैठना मुश्किल था। शिक्षिका के बेहोश होने
पर पति व साथी अध्यापकों ने पानी डालकर उसे होश में लाने का प्रयास किया।
होश न आने पर एसडीएम ने अपनी गाड़ी से भेजकर सीएचसी में भर्ती कराया।