फर्रुखाबाद। नवाबगंज क्षेत्र के गांव तुर्कललई निवासी नेत्रहीन विमल कुमार ने सुबह कलक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र दिया है। इसमें कहा कि उसके बेटे के दिल में छेद है। ऑपरेशन से उसका इलाज होगा।
गरीब होने की वजह से वह इलाज कराने में भी असमर्थ है। यदि उसका आयुष्मान कार्ड बन जाए तो बेटे का इलाज कराकर जान बचाई जा सकती है।
जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ त्वरित कार्रवाई के लिए निर्देश दिए। सीएमओ के निर्देश पर जांच की गई तो पता चला कि नेत्रहीन अंत्योदय कार्ड धारक है और उसका आयुष्मान भारत की लाभार्थी सूची में नाम भी मिल गया। इससे विमल कुमार का एक घंटे के अंदर ही आयुष्मान कार्ड बन गया।
जिलाधिकारी डॉ.वीके सिंह ने आयुष्मान डिस्ट्रिक प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ.अमित मिश्रा व इन्फार्मेशन सिस्टम मैनेजर रवि प्रताप के साथ लाभार्थी को आयुष्मान कार्ड सौंपा।
जिलाधिकारी ने विमल के परिजनों के कार्ड बनाने के लिए पंचायत सहायक व आरोग्य मित्र को निर्देश दिए। इससे पांच लाख तक के इलाज में सहयोग मिले। आयुष्मान कार्ड मिलने से नेत्रहीन विमल कुमार काफी खुश था। (संवाद)