कायमगंज में कोतवाली के बाहर बनी दीवार टूटने से पड़ी पटिया व गाटर। संवाद
- फोटो : FARRUKHABAD
कायमगंज। कोतवाली के बाहर खोखा दुकानदारों के सामने रातोरात दीवार खड़ी कर दी गई। सुबह जब दुकानदारों ने देखा तो हड़कंप मच गया। दोपहर के समय दुकानदारों ने इस दीवार को गिरा दिया। दुकानदारों ने भाजपा नेताओं पर दीवार बनाने का आरोप लगाया है।
कोतवाली के बाहर 13 दुकानदार वर्षों से अस्थायी खोखे रखे हैं। शनिवार रात इन दुकानों के आगे पत्थर की पटिया व गाटर से दीवार खड़ी कर दी गई। सुबह जब दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने दीवार देखी तो गुस्सा गए। एक दुकानदार ने बताया रात के समय वे वहां पहुंच गए थे।
कुछ भाजपा नेता मशीन से दीवार खड़ी कर रहे थे। विरोध करने पर धमकी देने लगे। दुकानदार रविवार सुबह वहां हल्ला तो करते रहे, लेकिन कोतवाली में सूचना देने नहीं पहुंचे। कुछ देर के लिए वहां धरने पर भी बैठ गए। कुछ देर बाद दुकानदारों ने आपस में सलाह की और अपनी-अपनी दुकानों के सामने लगीं पटियों को तोड़ दिया।
पुलिस ने न दीवार बनते समय हस्तक्षेप किया और न ही तोड़ते समय। दुकानदारों का कहना है इस भूमि को याहियापुर निवासी एक ग्रामीण अपनी बताता था। उसने इसे कुछ भाजपा नेताओं को दे दिया है। उन्होंने रातोरात कब्जा कर लिया। साथ ही दुकानदारों का कहना है सड़क किनारे भूमि तो पीडब्ल्यूडी की है।
याहियापुर निवासी यूसुफ अली खां ने इस जमीन को अपना बताया है। उनका कहना है कि उनकी भूमि पर खोखा दुकानदारों ने अवैध कब्जा कर लिया है। इस मामले में तहसीलदार भूपाल सिंह ने बताया कि उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। वैसे तो नगर की भूमि की देखरेख की जिम्मेदारी नगरपालिका की है। यदि कोई शिकायत आती है तो जांच की जाएगी।