फर्रुखाबाद। गैंगस्टर के आरोपी बसपा नेता डॉ. अनुपम दुबे के ठंडी सड़क स्थित गुरुशरणम् होटल का मलबा नीलाम करने के लिए लगाई गई बोली कम आने से प्रक्रिया एक बार फिर टल गई है। सात बोलीदाताओं में से कोई भी साढ़े पांच लाख से आगे नहीं बढ़ा, जबकि प्रशासन ने न्यूनतम बोली 19 लाख रुपये रखी थी। सिटी मजिस्ट्रेट ने दोबारा मूल्यांकन कराने का भरोसा दिया है।
गैंगस्टर के चलते प्रशासन ने अनुपम दुबे के होटल गुरुशरणम् को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया था। इसका मलबा हटाने के लिए शुक्रवार सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र की देखरेख में सीओ सिटी प्रदीप सिंह, पालिका के कर निर्धारण अधिकारी जगजीवन राम, कर अधीक्षक राजकमल आदि अधिकारी सुबह करीब 11 बजे पहुंचे। कुछ ही देर में बोलीदाता श्रीपाल गिहार, अरविंद कुमार, अविनाश कुमार, विकास कुमार, अरविंद सिंह, धर्मवीर और रवि शुक्ला पहुंच गए। प्रशासन ने मलबा की सरकारी कीमत 18.52 लाख रुपये रखी थी। इसकी कम से कम 19 लाख रुपये से बोली शुरू करने के लिए कहा। बोलीदाताओं ने जब बोली लगाई, तो अधिकतम बोली साढ़े पांच लाख रुपये तक पहुंची।
बोलीदाताओं ने कहा कि प्रशासन ने मात्र एक सप्ताह का समय दिया है। इतने कम समय में किसी भी कीमत पर मलबा नहीं हटाया जा सकता। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने समय पर विचार करने का भरोसा भी दिया, मगर कोई भी बोलीदाता आगे बढ़ने के लिए राजी नहीं हुआ। लिहाजा बोली को निरस्त कर दिया गया।
नीलामी के दौरान बोलीदाताओं ने जब कीमत कई गुना अधिक बताई, तो सिटी मजिस्ट्रेट ने दोबारा मूल्यांकन कराने का भरोसा भी दिया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से कादरीगेट थाना प्रभारी विनोद शुक्ला पुलिस बल के साथ मौजूद रहेे। सिटी मजिस्ट्रेट सतीश चंद्र ने बताया कि नीलामी की नई तिथि तय की जाएगी।