फर्रुखाबाद। अब सरकारी स्कूलों में बच्चों की रोज ऑनलाइन हाजिरी लगेगी। इसकी सीधी निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय की टीम करेगी। इस नई व्यवस्था से जिलों की रैंकिंग तय होगी। यह अधिकारियों के रिकॉर्ड का भी आधार बनेगी।
बच्चों की हाजिरी प्रेरणा पोर्टल के जरिए ऑनलाइन दर्ज की जाएगी, इसे सीएम डैशबोर्ड से जोड़ा गया है। इस अक्तूबर से ही इस पर काम शुरू हो गया है। जनपद के 1576 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की हाजिरी अब ऑनलाइन लगेगी।
विभाग ने वर्ष 2023 में स्कूलों की 12 अलग-अलग पंजिकाओं को डिजिटल रूप में संचालित करने का आदेश दिया था, जिनमें छात्र उपस्थिति पंजिका भी शामिल थी। इस दिशा में काम करते हुए सभी विद्यालयों को टैबलेट भी वितरित किए गए थे। हालांकि, शुरू में कुछ शिक्षक संगठनों ने इस व्यवस्था का विरोध किया था, विशेषकर ऑनलाइन हाजिरी को लेकर, लेकिन अब इस व्यवस्था को पूरी तरह लागू कर दिया गया है।
इस नई व्यवस्था का मकसद स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति को बढ़ाना और उसकी नियमित निगरानी करना है। बीएसए अनुपम अवस्थी ने बताया कि कक्षा वार डिजिटल उपस्थिति अब सीधे सीएम डैशबोर्ड पर दिखेगी। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा है कि यदि किसी भी स्कूल में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही बरती गई, तो उस विद्यालय के प्रधानाध्यापक के साथ-साथ संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी को भी जवाबदेह माना जाएगा।