तालग्राम। दहेज के लिए ससुरालीजनों पर विवाहिता ने पेट्रोल डाल कर आग लगाने की कोशिश और उत्पीड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर सात ससुरालीजनों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। महिला ने पति पर आरोप नहीं लगाया है।
कोतवाली तिर्वा के पाला गांव निवासी खुशबू ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी तालग्राम के बघेलेपुर्वा गांव के रत्नेश के साथ हुई थी। ससुराल के लोग दहेज से संतुष्ट नहीं थे। इसलिए बाइक, फ्रिज, कूलर और एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर ससुराल के लोग उत्पीड़न करने लगे और भूखा रखने लगे। पति ने कई बार विरोध किया पर परिजनों ने उनकी बात नहीं मानी। 29 सितंबर को उसके ऊपर पेट्रोल डाल कर जला कर मार डालने की कोशिश की गई। वह शोर मचाकर भाग गई तब जाकर जान बची। चौकी अमोलर शिकायत की तो वहां समझौता करा कर दिया गया।
इसके बाद ससुराल के लोग बेटे की दूसरी शादी कराने का ताना देने लगे। इससे उसे ससुराल में जान का खतरा रहने लगा है। उसका एक वर्ष का मासूम बेटा भी है। तीन अक्तूबर को सास गंगादेवी, जेठ धर्मपाल, जेठानी पूनम, देवर बृजमोहन, ननद ममता, सुधा और ननदोई ने पिटाई कर घर से पति के साथ निकला दिया। थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया का कहना है कि महिला की तहरीर पर सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।