तीन दिन बैंक में अवकाश है। छुट्टी के दूसरे दिन भी शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के एटीएम का हाल नहीं सुधरा। रविवार को भी शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक के अधिकतर एटीएम बंद रहे। शहर क्षेत्र में स्टेट बैंक के एटीएम भी चालू हालत में दिखाई दिए, जिन पर ग्राहकों की लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं।
शहर के त्रिपोलिया चौक स्थित आईसीआईसीआई, एक्सिस, रेलवे रोड स्थित विजया बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, महाराष्ट्र, इलाहाबाद, ठंडी सड़क स्थित यूनाइटेड, एक्सिस, लालदरवाजा स्थित केनरा, आईसीआईसीआई, आवास विकास स्थित आईसीआईसीआई, एक्सिस, रेलवे स्टेशन फर्रुखाबाद के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक और रोडवेज बसअड्डा स्थित एचडीएफसी के एटीएम दूसरे दिन रविवार को भी बंद रहे।
वहीं नेहरू रोड स्थित ओरियंटल बैंक आफ कामर्स, रेलवे रोड स्थित आईसीआईसीआई, फतेहगढ़ तिराहा स्थित केनरा बैंक और रेलवे रोड स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम पर नो कैश का बोर्ड लटकता रहा। ठंडी सड़क स्थित स्टेट बैंक, रेलवे रोड स्थित स्टेट बैंक और बद्री विशाल डिग्री कालेज के निकट स्थित स्टेट बैंक के एटीएमों में रुपये निकालने के लिए ग्राहकों की लंबी-लंबी लाइनें लगी रहीं।
स्टेट बैंक ठंडी सड़क के एटीएम से रुपये निकालने के लिए लाइन में लगे अशोक कुमार निवासी लालदरवाजा, रानी देवी निवासी काली देवी, नेहा निवासी राजीव गांधी नगर, सुष्मिता निवासी मठिया देवी और राहुल कुमार निवासी नीवा चुअत का कहना था कि करीब दो घंटे से लाइन में लगे हैं लेकिन अभी तक उनका नंबर नहीं आया है।
राहुल ने बताया कि वह बाइक से पूरे शहर के करीब एक दर्जन से ज्यादा एटीएम पर गए लेकिन कहीं एटीएम बंद मिले तो कहीं नो कैश का बोर्ड लटक रहा था। सोमवार को भी बैंक बंद रहने से ग्राहकों को दिक्कत उठानी होगी।