नेहरू रोड पर दुकान के बाहर लगे अतिक्रमण को हटाती जेसीबी।
- फोटो : अमर उजाला
नगर पालिका प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से घुमना बाजार से लेकर रेलवे रोड स्थित महादेवी वर्मा मूर्ति तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान व्यापारियों से नगर पालिका के कर्मचारियों की नोकझोंक भी हुई। शहर कोतवाल ने बताया कि आधा सैकड़ा दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
नगर पालिका के बड़े बाबू जितेंद्र मिश्र, भवानीशंकर और शहर कोतवाल देवेंद्र शर्मा ने पुलिस बल के साथ घुमना बाजार से बुधवार दोपहर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया। इस दौरान पालिकाकर्मियों के साथ जेसीबी और दो ट्रैक्टर भी थे। पालिका कर्मियों ने फुटपाथ पर रखे तख्ते, बोर्ड आदि कब्जे में लेकर ट्रैक्टर में रखवाया। फुटपाथ पर खड़ी बाइकें हटाने को कहा। इस दौरान पुलिस ने वहां खड़ी तीन बाइकें भी सीज कर दीं।
नेहरू रोड पर व्यापारी नेता अनुपम रस्तोगी के प्रतिष्ठान पर खड़ी बाइक को पालिका कर्मियों और पुलिस ने जैसे ही कब्जे में लेना चाहा तो अनुपम रस्तोगी की उनसे नोकझोंक होने लगी। इस पर पुलिस ने हिदायत देते हुए बाइक छोड़ दी। रेलवे रोड स्थित मुस्तफा शो रूम के बाहर फुटपाथ पर रखे बोर्डों को पालिका कर्मचारियों ने उठाकर ट्रैक्टर-ट्राली में डाल लिया। यह देख दुकान स्वामी रंजीत सिंह बाहर आए और पालिका कर्मचारियों से नोकझोंक करने लगे।
मगर पालिका कर्मचारियों ने उनकी एक न सुनी और बोर्ड लेकर चले गए। घुमना बाजार से लेकर महादेवी वर्मा मूर्ति तक चले अतिक्रमण हटाओ अभियान में फुटपाथ पर रखे तख्तों और बोर्डों को ट्रैक्टर-ट्राली पर लदवा लिया गया। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें। शहर कोतवाल देवेंद्र शर्मा ने बताया कि तीन बाइकें सीज की गई हैं। उन्होंने बताया कि आधा सैकड़ा दुकानदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।