अमृतपुर। तहसील क्षेत्र के गांव हरसिंहपुर गहलवार में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी का निरीक्षण किया गया। टीम ने ग्रामीणों को स्वच्छ जल के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कानपुर यूनिवर्सिटी से संबद्ध आर्ट ऑफ ह्यूमैनिटी एंड सोशल मैनेजमेंट की निदेशक अनीता के नेतृत्व में टीम रविवार को गांव पहुंची। टीम ने घर-घर जाकर पानी की आपूर्ति और गुणवत्ता की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह और शाम नियमित रूप से पानी की सप्लाई मिल रही है। पानी की गुणवत्ता भी संतोषजनक पाई गई। अनीता ने ग्रामीणों को टंकी के पानी का ही उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे जलजनित गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है। पानी की आपूर्ति में समस्या होने पर शुल्क मुक्त नंबर पर शिकायत दर्ज कराने को कहा। ऑपरेटर की लापरवाही पर 112 नंबर पर सूचना देने की बात भी कही गई।
प्रधान ज्ञानेश सिंह ने बताया कि गांव में कुल 475 कनेक्शन दिए जा चुके हैं। टीम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षामित्रों से भी टंकी के संचालन की जानकारी ली। जल जीवन मिशन की सखी अनीता शर्मा ने बताया कि पानी का नमूना लेने के लिए मात्र 20 रुपये मिलते हैं। उन्होंने इस राशि को बहुत कम बताया। इस दौरान जल निगम के कनिष्ठ अभियंता अखिलेश कुमार भी मौजूद रहे।