फर्रुखाबाद। छात्रों की सीखने की प्रगति और समझ के स्तर को जांचने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद कक्षा नौ के छात्र-छात्राओं के लिए मिडलाइन असेसमेंट टेस्ट कराएगा। इसका आयोजन सात राजकीय और तीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 12 दिसंबर को होगा। इस परीक्षा में 1151 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
शिक्षा विभाग कक्षा एक से 12 तक के छात्र-छात्राओं के लिए मिडलाइन असेसमेंट टेस्ट कराता है। इसका मकसद परीक्षा पाट्यक्रम के मध्य में छात्रों की सीखने की प्रगति और समझ के स्तर की जांचना होता है। इससे यह पता लगाया जाता है कि छात्र अपने लक्ष्यों की ओर कितना आगे बढ़ रहे हैं। परीक्षा का परिणाम आने के बाद शिक्षकों को छात्रों की जरूरतों की जानकारी हो जाती है। इसके बाद शिक्षक उन्हें नई विधियाें से शिक्षण सामग्री देने में काम करते हैं। इससे छात्र-छात्राओं को परीक्षा परिणाम अच्छा करने में मदद मिलती है।
इस बार कक्षा नौ के छात्र-छात्राओं के लिए 12 दिसंबर को टेस्ट होगा। इसके लिए सात राजकीय और तीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर 1151 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा हिंदी, गणित विज्ञान व सामाजिक विज्ञान विषय की होगी। ओएमआर सीट पर आधारित यह परीक्षा ओएमआर सीट पर होगी। इसका समय सुबह 10 से 11.30 बजे तक रहेगा। डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि टेस्ट कराने के लिए जिम्मेदारी सौंप दी गई है। इस परीक्षा के परिणाम के बाद कक्षा नौ के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक स्तर सुधारने में मदद मिलेगी। यह परीक्षा छात्रों के साथ शिक्षक के लिए भी उपयोगी साबित होगी।