मोहम्मदाबाद/शमसाबाद। मानदेय बढ़ाने व अन्य मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ताओं ने कार्य बहिष्कार कर दिया। उन्हाेंने सीएचसी व पीएचसी पर धरना प्रदर्शन कर भड़ास निकाली। एएनएम व सीएचओ का पहले से कार्य बहिष्कार चल रहा है। इससे जिले में टीकाकरण व अन्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमसाबाद के गेट पर दरी बिछाकर आशा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार का एलान किया। सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने आशा को 21 हजार रुपये व संगिनी को 26 हजार रुपये मानदेय देने की मांग की। कहा 15 अक्तूबर तक कार्य बहिष्कार किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ता मीणा अचेत होकर गिर गई। इस पर साथी कार्यकर्ताओं ने चेहरे पर पानी का छींटा मारा। करीब 40 मिनट बाद सामान्य हो सकी। मुन्नी गंगवार, मैगनी, दया देवी, भारती, अंबेडकर, मंजू दीक्षित, प्रीति देवी, विनीता मिश्रा, अनिलेश राठौर, प्रवीण गंगवार आदि मौजूद रहीं। सीएचसी मोहम्मदाबाद में भी आशा कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की।