कायमगंज। चांदी की कीमतों में उछाल से करवाचौथ पर पायलों की झंकार हल्की पड़ गई है। भारी पायलों की जगह महिलाएं हल्के वजन और आकर्षक डिजाइन वाले गहने पसंद कर रही हैं। सराफा बाजार में भी ग्राहकों के बजट को ध्यान में रखकर नई रेंज उपलब्ध कराई गई है।
पिछले साल करवाचौथ के आसपास चांदी का भाव करीब 1.33 लाख रुपये प्रति किलोग्राम था, जो इस बार बढ़कर लगभग 2.16 लाख रुपये पहुंच गया है। सराफ निमिता अग्रवाल ने बताया कि पहले 100 से 200 ग्राम तक की भारी पायलों की मांग रहती थी, लेकिन अब महिलाएं 15 से 20 ग्राम वजन की पायलें पसंद कर रही हैं। इनकी शुरुआती कीमत करीब दो से ढाई हजार रुपये है।
बिछिया में भी मीनाकारी, स्टोन वर्क और इटालियन फिनिश वाले डिजाइन पसंद किए जा रहे हैं। चार बिछिया वाले सेट की शुरुआती कीमत करीब 800 से 1000 रुपये है।
माया ज्वैलर्स पर पायल खरीदने पहुंचीं सुनीता देवी ने बताया कि चांदी महंगी होने से महिलाएं बजट के अनुसार गहने खरीद रही हैं।
सराफ शालीन अग्रवाल ने बताया कि ग्राहकों के बजट को देखते हुए हल्के वजन की पायलों और फैंसी बिछिया का नया स्टॉक मंगाया जा रहा है।