फर्रुखाबाद। एआरटीओ शांति भूषण पांडेय का शासन ने गुरुवार रात एआरटीओ प्रवर्तन के पद पर जनपद शाहजहांपुर तबादला कर दिया है। प्रयागराज के आरआई बृजेंद्र नाथ चौधरी को प्रोन्नति पर एआरटीओ फर्रुखाबाद बनाया है। शुक्रवार को शांतिभूषण पांडेय ने शाहजहांपुर जाकर चार्ज ले लिया।
हुए थे निलंबित, हाईकोर्ट से हुए थे बहाल
जनपद में तैनाती के चंद महीनों बाद ही एआरटीओ शांतिभूषण कन्नौज की कोतवाली छिबरामऊ गांव घिलोई में सामान्य से स्लीपर में तब्दील हुई बस व ट्रक की भिड़ंत में 10 लोगों के जिंदा जलने के मामले में निलंबित कर दिए गए थे। उनके खिलाफ आरटीओ प्रवर्तन राकेश कुमार ने लापरवाही में फतेहगढ़ कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज कराया था। हाईकोर्ट के आदेेश पर वह बहाल हुए थे। तभी से वह स्थानांतरण चाह रहे थे।
शासन ने एआरटीओ कार्यालय जनपद उरई में तैनात लिपिक वीरेंद्र कुमार शर्मा, आगरा में तैनात लिपिक अशोक कुमार श्रीवास्तव की जनपद में तैनाती के आदेश दिए हैं। लिपिक के पद काफी समय से खाली चल रहे थे।
एआरटीओ शांतिभूषण ने चार्ज छोड़ने पर अपना कोड बंद करवा दिया। इससे शुक्रवार को पंजीयन, स्थानांतरण, प्रपत्र की दूसरी प्रतिलिपि समेत सभी काम बंद हो गए हैं। आरआई के कोड से लाइसेंस व फिटनेेस का काम चलता रहा। नए आरटीओ के आने पर उनका कोड बनेगा तब पंजीयन से लेकर अन्य काम हो सकेंगे।