पुलिस ने भारी मात्रा में अल्कोहल और देशी शराब के साथ शराब कारोबारी समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया। साथ ही तीन वाहनों को सीज किया। पकड़े गए लोगों के साथियों की तलाश में छापामारी की जा रही है। पुलिस को तोहफा ब्रांड शराब व बाकी ब्रांड की शराब भरी शीशियां भी मिलीं। इसी ब्रांड के रेपर भी बरामद हुए हैं।
फतेहगढ़ कोतवाल अजीत सिंह को सूचना मिली कि एक टाटा मैजिक पर भारी मात्रा में देशी शराब के खाली पौव्वा, रेपर, व ढक्कन शहर में लाए जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने कानपुर रोड पर नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इस दौरान कानपुर से आ रही टाटा मैजिक और बोलेरो को पुलिस ने रोक लिया। पुलिस को देखकर बोलेरो में सवार लोगों ने भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने घेराबंदी कर इन्हें पकड़ लिया। पुलिस पकड़े गए लोगों को कोतवाली ले गई।
पुलिस ने मैजिक की तलाशी ली, इसमें भारी मात्रा में शराब के खाली पौव्वा, ढक्कन और रेपर बरामद हुए। पुलिस ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ शुरू कर दी।
पकड़े गए महिमा सरन निवासी सैथरा कोतवाली कायमगंज और मैजिक चालक शिवम निवासी कानपुर पुलिस को पहले तो घुमाते रहे, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने हकीकत बयां कर दी। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर छापामारी की।
पुलिस ने थाना मऊदरवाजा के मोहल्ला मेमरान टैगोर कालोनी निवासी रनवीर सिंह के घर पर छापा मारा, यहां से अल्कोहल से भरी 20 केनों को बरामद किया। अल्कोहल से तोहफा ब्रांड की शराब बनाने की तैयारी थी।
कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि मोहल्ला मेमरान निवासी रनवीर सिंह, कायमगंज के मोहल्ला सैथरा निवासी महिमासरन, गांव ज्यौता निवासी सोनपाल, रिंकू सिंह, अखिलेश, रंजीत और मैजिक चालक शिवम को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 780 लीटर अल्कोहल बरामद हुआ है।
एटा जिले के गांव गलारपुर, अलीगंज निवासी कल्लू यादव और उसके दो साथी मौके से भाग गए। यह लोग अल्कोहल से देशी शराब बनाकर इसका कारोबार करते हैं। इन लोगों के कब्जे से लेकर तीन वाहनों को सीज किया गया। फरार हुए लोगों की तलाश में छापामारी की जा रही है।
आबकारी इंस्पेक्टर विपिन राय ने कोतवाली पहुंचकर मामले की जानकारी ली। बताया कि यह लोग शराब बनाकर उसकी बिक्री करते हैं।