राज्य स्तरीय कैंप के लिए अनुश्री जैन का चयन
फर्रुखाबाद। विज्ञान एवं तकनीकी मंत्रालय की ओर से कराई गई ऑनलाइन विज्ञान मंथन परीक्षा में सीपी इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा अनुश्री का चयन राज्य स्तरीय कैंप के लिए हुआ है। जिला स्तर पर चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है।
बढ़पुर निवासी अनुराग जैन की पुत्री अनुश्री सीपी इंटर नेशनल स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ती है। विज्ञान एवं तकनीकी मंत्रालय द्वारा विज्ञान प्रसार के तहत एनसीईआरटी व विज्ञान भारती की ओर से संयुक्त रूप से नवंबर 2020 में विद्यार्थी विज्ञान मंथन ऑनलाइन परीक्षा कराई गई थी। इसमें छात्रा अनुश्री जैन ने प्रतिभाग किया था। इस राज्य स्तरीय परीक्षा में कक्षा 6 से 11 तक के 9600 बच्चों ने प्रतिभाग किया था।
राज्य स्तरीय कैंप के लिए 120 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया है। इसमे अनुश्री जैन भी हैं। अब राष्ट्रीय कैंप के लिए 24 छात्र-छात्राओं का परीक्षा कराई जाएगी। विज्ञान भारती के जनपदीय सचिव मनोज चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर कैंप की परीक्षा की तारीख अभी निर्धारित नहीं हुई है।
जिला स्तरीय मेरिट में सरस्वती शिशु मंदिर के कक्षा सात के छात्र सूर्यांश मिश्रा, केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ के कक्षा आठ की प्रज्ञा पाठक, कक्षा 11 के छात्र प्रशांत श्रीवास्तव, रोजी स्कूल फतेहगढ़ की छात्रा पलक गुप्ता का चयन हुआ है।