संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। राशन कोटेदारों के लिए जिले की 75 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा मॉडल शाप का निर्माण कराया जाएगा। मनरेगा से इसके निर्माण पर 10 लाख रुपये तक खर्च निर्धारित किया गया है। इससे कोटेदार राशन भंडारण के साथ सीएससी (कम्युनिटी सर्विस सेंटर) का भी संचालन कर सकेंगे।
जनपद की 580 ग्राम पंचायतों में करीब 700 राशन कोटे की दुकानें हैं। अधिकांश दुकानें कोटेदारों के घरों में चल रही हैं। डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत कोटे की दुकान तक राशन पहुंचाने के आदेश हैं। कई कोटेदारों की दुकानें संकरी गलियों में होने से वहां तक खाद्यान्न से भरा वाहन पहुंच ही नहीं पाता। इससे इन कोटेदारों को डोर स्टेप डिलीवरी व्यवस्था का पूरा लाभ नहीं मिल पाता है।
इसको देखते हुए सरकार अब कोटेदारों को सरकारी भवन मुहैया कराएगी। इसके लिए ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा मॉडल शाप का निर्माण कराया जाएगा। जिन ग्राम पंचायतों में 500 से अधिक राशन कार्ड धारक हैं, वहां मनरेगा से 10 लाख रुपये की लागत से 550 वर्ग फिट और जहां 500 से कम राशनकार्ड हैं, वहां मनरेगा से आठ लाख रुपये की लागत से 440 वर्ग फिट क्षेत्रफल में मॉडल शॉप का निर्माण कराया जाएगा।
इसमें दो चेंबर होंगे। एक चेंबर फूड ग्रेन स्टोरेज (राशन भंडारण) के नाम से होगा, जबकि दूसरे चेंबर में कोटेदार सीएससी या जनरल स्टोर का संचालन कर सकेगा। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने प्रथम चरण में मॉडल शाप निर्माण के लिए जिले की 75 ग्राम पंचायतों का चयन कर सूची जारी कर दी है। उन्होंने एसडीएम को भूमि चयन और ग्राम्य विकास विभाग को निर्माण कराने के निर्देश दिए हैं।
किस ब्लॉक में कितने बनेंगे मॉडल शॉप
जिलाधिकारी ने 75 अन्नपूर्णा मॉडल शाप निर्माण के लिए ग्राम पंचायतों की सूची जारी की है। इसमें सर्वाधिक 14 मॉडल शाप ब्लाक कायमगंज में बनाए जाएंगे। इसके अलावा ब्लॉक शमसाबाद में 11, नवाबगंज, राजेपुर, बढ़पुर, कमालगंज व ब्लॉक मोहम्मदाबाद की 10-10 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा मॉडल शॉप का निर्माण कराया जाएगा।
कोटेदार बदलेंगे, पर दुकान नहीं
जिला पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि सरकारी राशन की दुकान सरकारी भवन में संचालित करने के उद्देश्य से सभी ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा मॉडल शाप का निर्माण कराने की शासन की मंशा है। प्रथम चरण में 75 ग्राम पंचायतें चयनित की गई हैं। इससे कोटेदार भले ही बदल जाए, लेकिन कार्ड धारकों को राशन उसी दुकान पर मिलेगा। एफसीआई से खाद्यान्न का वाहन सीधे दुकान पर पहुंचने से कोटेदार को डोर स्टेप डिलीवरी का पूरा लाभ मिलेगा।
-
एक साल तक जीएसटी मुक्त करे सरकार
फर्रुखाबाद। शहर के मोहल्ला जटवारा जदीद निवासी लोकतंत्र सेनानी चंद्रपाल वर्मा के निवास पर बैठक हुई। इसमें गांवों में अन्नपूर्णा मॉडल शॉप खोलने की योजना को सराहा गया। वक्ताओं ने कहा कि मॉडल शॉप में रोजमर्रा की हर वस्तुओं की बिक्री हो। सरकार यदि इन वस्तुओं को कम से कम एक साल तक जीएसटी मुक्त कर दे, तो योजना सफल होगी। जब सामान सस्ता मिलेगा, तो दूर-दूर के लोग आकर इसका फायदा उठा सकेंगे।
इससे शॉप संचालक को भी फायदा होगा। उन्हाेंने कहा सैफई के मेले में सेलटेक्स मुक्त सामान की बिक्री होने से भीड़ होती थी। चंद्रपाल वर्मा, राममुरारी शुक्ला, पंकज शाक्य, कौशलेंद्र कुमार, सुनील कुमार आदि मौजूद रहे। (संवाद)