नवाबगंज में बाजार न खुलने से व्यापारियों में गुस्सा
नवाबगंज। पुलिस व प्रशासन की मनमानी से कस्बे के व्यापारी दुखी हैं। 14 दिन बाद भी कंटेनमेंट जोन खत्म न होने से बुधवार को बाजार नहीं खुल सका। इससे व्यापारियों में गुस्सा है। उनका कहना है कि चार माह से कारोबार चौपट है। इसके बाद भी पुलिस व प्रशासन सहयोग नहीं कर रहा है।
नवाबगंज में 21 जुलाई को कोरोना संक्रमित मरीज निकलने पर पूरा बाजार बंद कर कंटेनमेंट जोन बना दिया गया था। व्यापारियों ने गलियों को सील कर मुख्य बाजार में दुकानें खोलने को आवाज उठाई थी पर उनकी नहीं सुनी गई। रक्षाबंधन व बकरीद पर भी बाजार बंद रहा। इससे व्यापारियों को खासा नुकसान हुआ।
बुधवार को 14 दिन पूरे होने पर कंटेनमेंट जोन खुलने की व्यापारियों को उम्मीद थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। व्यापारियों का कहना है कि यदि बुधवार को कंटेनमेंट जोन खुल जाता तो व्यापारियों को सड़क के दोनों ओर की दुकानें खोलने केे मिल जातीं। गुरुवार को बाजार खुलने पर सड़क के एक तरफ की ही दुकानें खुल सकेंगी। लेखपाल जगदीप सिंह ने बताया उच्चाधिकारियों ने उन्हें रात 12 बजे के बाद कंटेनमेंट जोन खोलने के आदेश दिए हैं।
नवाबगंज व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। इस तरह यदि पुलिस व प्रशासन मनमानी करेगा तो व्यापारी मजबूरी में धरना प्रदर्शन को बाध्य होंगे।